संसमरण 10
ताजमहल के साये में पग घुंघुरू बांध हेमामालिनी मीरा बन नाची
आदर्श नंदन गुप्त, आगराः अनुपम सौंदर्यशाली ताजमहल, उसके साये में महताब बाग, वहां मीरा बनकर स्वप्न सुंदरी हेमामालिनी ने जब नृत्य किया तो दर्शकों विश्वास ही नहीं हो रहा था कि शोले फिल्म का बसंती, अपनी इस प्रकार की अनूठी प्रस्तुति देंगी, जिसमें सभी श्रद्धाभक्ति में डूब जाएंगे।
विख्यात सिने तारिका हेमामालिनी का आज शनिवार को जन्मदिन है। ताजनगर के वासी उनके दीर्घजीवन की कामना कर रहे हैं। हेमामालिनी फिल्मों की शूटिंग के सिलसिले में कई बार आगरा आई होंगी, लेकिन वर्ष 1994 में ताजमहल के पीछे महताब बाग में मीरा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति हेमा ने दी थी। उस समय तक हेमा का राजनीति के दूर-दूर तक नाता नहीं था। हम लोग जब गए तो वह बहुत ही सहज भाव के साथ स्वयं ही मंच की सज्जा करा रही थीं।
इस मशहूर अभिनेत्री के अभिनय को लोगों ने रुपहले पर्दे पर तो कई बार देखा, लेकिन उनका यहां दूसरा रूप था। हेमामालिनी की मीरा के रूप, रस, रंग एवं विरह की अलग-अलग मुद्राओं को दर्शक अपलक निहारते रहे। करीब ढाई घंटे तक- मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरों न कोई, जा के सिर मोर-मुकट मेरो पति सोई...। छाड़ि दयी कुल की कानि, कहा करिहै कोई आदि मीरा से जुड़े गीत-भजनों पर नृत्य किए। हेमामालिनी उसके कई साल बाद राजनीति में आ गई। चुनाव प्रचार के लिए उनका कई बार यहां आना हुआ।
हरि सत्संग समिति ने नवंबर, 2012 में
फतेहाबाद रोड एक मैदान पर नृत्य नाटिका रामायण का मंचन किया। उसमें उनका अलग ही रूप निखर कर आया था। समिति के संजय गोयल ने बताया कि यह कार्यक्रम तीन घंटे तक चला था।
लीडर्स आगरा का वार्षिक समारोह 2018 को हुआ था, उसमें वे मुख्य अतिथि थीं। समिति के अध्यक्ष सुनील जैन ने बताया कि हेमामालिनी ने शहर की कई शख्सियतों को सम्मानित किया था। हरिसत्संग समिति और लीडर्स आगरा के पदाधिकारियों ने हेमामालिनी के जन्मदिवस पर उनके दीर्घजीवन की कामना की है।
No comments:
Post a Comment